करछना के भीरपुर पुलिस रिपोर्टिंग चौकी के समीप युवक के हत्या की सूचना पर जुटी ग्रामीणों की भीड़, ब?
- फोटो : NAINI
थाना क्षेत्र के भीरपुर पुलिस रिपोर्टिंग चौकी के पास रेलवे लाइन के किनारे मंगलवार की रात बस्तर गांव निवासी एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह जानकारी होने पर गांव वासियों की भीड़ जमा हो गई। जिससे पुलिस के हाथ पाव फूल गए। बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आनन-फानन में लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेज दिया।
करछना थाना क्षेत्र के बस्तर गांव निवासी युवक बबलू भारतीया (40) पुत्र मोतीलाल भीरपुर पुलिस रिपोर्टिंग चौकी के पास हार्डवेयर एवं सरिया सीमेंट की दुकान पर मैजिक मालवाहन चलाने का काम करता था। रोज की भांति मंगलवार को भी शाम को वह अपने घर चला गया था। रात आठ बजे उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। जिसके बाद वह पत्नी से थोड़ी देर बाद आने को कह कर घर से निकला था। उसके बाद वापस नहीं लौटा। वापस न लौटने पर परेशान परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। बुधवार को सुबह उसकी लाश भीरपुर पुलिस रिपोर्टिंग चौकी के पास रेलवे लाइन के बगल में बनाई जा रही न्यू रेल लाइन चौड़ीकरण की पुलिया के पास मिलने से हड़कंप मचा गया। जानकारी घरवालों को हुई तो वे सब भी बदहवास हालत में मौके पर पहुंच गए और रोने लगे। देखते देखते बड़ी संख्या में महिलाओं सहित सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई ।
घटना की जानकारी पर पहुंचे एसपी यमुनापार, सीओ करछना, क्राइम ब्रांच टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। मृतक के भाई ने मेजा थाना क्षेत्र के कनगड़ा गांव निवासी रिश्तेदार अनिल भारतीया व एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। मृतक के पास मिले मोबाइल फोन को पुलिस अपने कब्जे में ले लिया है। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं लेकिन हत्या की वजह क्या है, कोई नहीं बोल रहा है।
करछना के भीरपुर पुलिस रिपोर्टिंग चौकी के समीप युवक के हत्या की सूचना पर जुटी ग्रामीणों की भीड़, ब?- फोटो : NAINI