बारा थाना क्षेत्र के ओसा गांव में रविवार की बीती रात एक व्यवसायी के जवान पुत्र की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने पहले युवक की गला दबाकर हत्या की बाद में बिजली का करंट शरीर में कई जगह लगाया। परिजनों के मुताबिक चोरी की नियत से घर के अंदर घुसे चोरों ने हत्या की है। उसके बाद चोर दरवाजे का ताला तोड़कर घर में रखा नकदी व मोबाइल फोन लेकर निकल भागे। पुलिस भी पूरे मामले को संदिग्ध मान रही है।
क्षेत्र के ओसा गांव के जय सिंह परिवार सहित शहर के सिविल लाइंस में रहते है।
वह वैनटी टॉवर के मालिक भी हैं। इनके दो पुत्र सलिल व दूसरा विनम्र सिंह (20 वर्ष) उर्फ साहिल हैं। साहिल इंटर की पढ़ाई के साथ पीएमटी की तैयारी कर रहा था। साहिल होली पर शहर से अपने गांव ओसा में दादी व बाबा के पास रह रहा था। गांव में इनके पास दो मकान है। परिजनों के मुताबिक बीती रात दादी के साथ खाना खाने के बाद दूसरे मकान में सोने के लिए अकेले चला गया। सुबह जब उसकी दादी साहिल को जगाने गई तो वहां का नजारा देख सन्न रह गई। रोने की आवाज सुन पड़ोस के लोग भी पहुंच गए।
सूचना मिलने पर कई थानों की फोर्स के साथ एसपी यमुनापार दीपेंद्र नाथ चौधरी पहुंच गए। जांच पड़ताल के बाद लाश को कब्जे मे लेकर पुलिस ने उसे चीरघर भिजवा दिया। मौके से बिजली के तार व अन्य उपकरण भी बरामद हुए हैं। जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से हत्या की वजह जानने की कोशिश की लेकिन परिजन कोई सटीक बता नहीं बता सके। इंस्पेक्टर बारा जेपी शाही ने बताया कि मृतक के गले व शरीर पर कुछ चोट के निशान थे। मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला खुल सकेगा। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।