Prayagraj News : जिला न्यायालय प्रयागराज।
- फोटो : अमर उजाला।
यमुनापार के चार थानों के मामलों की सुनवाई के लिए स्थानांतरित की गईं मुंसिफ अदालतों के फैसले को फिलहाल वापस ले लिया गया है। अब केवल मेजा में मुंसिफ अदालत चलाई जाएगी। वह भी ग्राम न्यायालय के अनुसूची के भाग एक व दो से जुड़े मामलों की। इस संबंध में शनिवार को सीजेएम की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।
सीजेएम के आदेश के बाद कई दिनों से आंदोलनरत जिला अधिवक्ता संघ ने अपनी हड़ताल स्थगित कर दी है। इससे सोमवार से जिला कचहरी में सामान्य दिनों की तरह ही कामकाज हो सकेगा। आदेश के मुताबिक केवल मेजा थाने के मामलों की सुनवाई वह भी ग्राम न्यायालय की अनुसूची के भाग एक और दो में वर्णित मामलों की होगी। बाकी कोरांव, खीरी, मांडा के मामलों की सुनवाई पहले की भांति जिला न्यायालय में की जाएगी। जिला अधिवक्ता संघ केमहामंत्री विद्या वारिधि मिश्र ने बताया कि इस संबंध में सीजेएम की ओर से आदेश जारी होने केबाद हड़ताल स्थगित कर दी गई है। सोमवार को फिर से न्यायिक कार्य किए जाएंगे।