एमटीएस पेपर-1 की परीक्षा का संशोधित
परिणाम जारी, 9551 अतिरिक्त सफल
एसएससी की ओर से पांच नवंबर को जारी हुआ था परिणाम, अब कुल मिलाकर 1.20 लाख सफल
प्रयागराज। प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने मल्टी टास्किंग स्टॉफ (एमटीएस) परीक्षा 2019 पेपर-1 की परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी किया है। आयोग की ओर से पांच नवंबर को जारी एमटीएस-2019 पेपर-1 के परिणाम को संशोधित करते हुए 9551 अतिरिक्त अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। संशोधित परिणाम जारी होने के बाद परीक्षार्थियों में खुशी की लहर है। आयोग की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि नए सफल अभ्यर्थी भी पेपर-2 की परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। आयोग की ओर से नए सफल अभ्यर्थियों का रोलनंबर, कटऑफ आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। आयोग की ओर से पांच नवंबर को जारी परीक्षा में कुल 111162 अभ्यर्थी सफल हुए थे, अब 9551 अभ्यर्थियों को मिलाकर अब कुल 120713 परीक्षार्थी पेपर-2 की परीक्षा में शामिल होंगे। सफल अभ्यर्थी एमटीएस दूसरे चरण की 24 नवंबर से होने वाली परीक्षा में शामिल होंगे।
एसएससी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि पांच नवंबर को पेपर-1 का परिणाम घोषित करने के बाद पाया गया कि भूतपूर्व सैनिक कोटे के जो उम्मीदवार आरक्षण के योग्य थे, उन्हें उसका लाभ नहीं दिया गया। इसके साथ ही अनारक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों का चयन ईडब्ल्यूएस श्रेणी में हो गया जबकि वो अनारक्षित श्रेणी के चयन के योग्य थे। नए तरीके से आरक्षण लागू करने के बाद आयोग की ओर से तैयार परिणाम में 9551 नए उम्मीदवार सफल हो गए। यह उम्मीदवार एसएससी एमटीएस पेपर-2 परीक्षा के लिए क्वालिफाई किया है। एसएससी की ओर से दो से 22 अगस्त के बीच हुई पहले चरण की परीक्षा में पंजीकृत 38.58 लाख परीक्षार्थियों में से कुल 19.19 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे।