प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) की पेपर दो की परीक्षा में 79.88 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए। दो परीक्षा केंद्रों में देर से पहुंचने पर रोके गए अभ्यर्थियों ने हंगामा भी किया।
एमटीएस परीक्षा-2019 के लिए एसएससी मध्य क्षेत्र, प्रयागराज के तहत उत्तर प्रदेश और बिहार से कुल 44526 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 35568 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के लिए प्रयागराज में 102 केंद्र बनाए गए थे। सर्वाधिक उपस्थित आर्य कन्या इंटर कॉलेज केंद्र में रही। आर्य कन्या इंटर कॉलेज (अंग्रेजी माध्यम) ब्लॉक-डी परीक्षा केंद्र में 92.94 और आर्य कन्या ब्लॉक-एक परीक्षा केंद्र में 95.29 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा सुबह 11 से 11.30 बजे तक आयोजित की गई। आधे घंटे की परीक्षा में अभ्यर्थियों को निबंध और पत्र लिखना था। परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 10.30 बजे केंद्र में रिपोर्ट करनी थी। दो केंद्रों में कुछ अभ्यर्थी देर से पहुंचे तो उन्हें केंद्र के बाहर ही रोक दिया गया। इस पर अभ्यर्थियों ने हंगामा भी किया, लेकिन उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई।