एमएनएनआईटी और आईटीआई बंगलुरु के बीच समझौता, 5जी और रोबोटिक्स पर करेंगे काम
0 प्रौद्योगिकी के उभरते क्षेत्रों में अनुसंधान और विकास के लिए विशेषज्ञता और संसाधनों को करेंगे साझा
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रयागराज। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) और आईटीआई लिमिटेड बंगलुरु के बीच मंगलवार को एमओयू हुआ। ऑनलाइन मोड में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक प्रो. राजीव त्रिपाठी एवं एमडी द्विवेदी (जनरल मैनेजर एचआर आईटीआई, बंगलुरु) मौजूद रहे। इसके तहत एमएनएनआईटी और आईटीआई दोनों ही 5जी, आईओटी, एआई, रोबोटिक्स आदि पर अपनी विशेषज्ञता और संसाधनों को साझा करेंगे।
प्रो. त्रिपाठी ने बताया कि इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच अंतर्राष्ट्रीय कार्यशालाएं, सम्मेलन, प्रशिक्षण कार्यक्रम, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी में संयुक्त सहयोग, अनुसंधान परियोजनाएं तथा एफडीपी एवं प्रमाणन आधारित पाठ्यक्रमों को आयोजित करना है। इसके अलावा संस्थान के छात्र आईटीआई में इंटर्नशिप के लिए भी जाएंगे तथा संस्थान के संकाय सदस्य एवं शोध छात्रों का भी आदान-प्रदान होगा। साथ ही सहयोगात्मक कार्य तथा आईटीआई लिमिटेड के आंतरिक संसाधन, शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस मौके पर प्रो. गीतिका, प्रो. राकेश नारायण, प्रो. आरके सिंह, प्रो.आरके नगरिया, प्रो. राजेश गुप्ता, प्रो. शिवेश शर्मा, डा. अरुण प्रकाश आदि मौजूद रहे।
फोटो
0000000000000000
एनसीसी कैडेट प्रांजलि शिवपुरी बांग्लादेश जाने वाले दल में शामिल
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा और एनसीसी की सीनियर अंडर आफिसर प्रांजलि शिवपुरी ने विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। वह यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए बांग्लादेश जाने वाले एनसीसी के 20 सदस्यीय दल में शामिल हैं। देशभर से 10 गर्ल्स कैडेट में एक प्रांजलि भी हैं। यह दल अभी बांग्लादेश में है। वहां 24 दिसंबर तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेगा। इस दल ने 16 दिसंबर को ढाका में आयोजित बांग्लादेश के 50 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी प्रतिभाग किया। यह जानकारी 6 यूपी गर्ल्स बटालियन इलाहाबाद विश्वविद्यालय की एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. नीतू मिश्रा ने दी है। संवाद