फोटो बरौत- ऊपरदहां में हादसे के बाद घटनास्थल पर खड़ा स्कूल वाहन और मौके पर जुटी भीड़।
हंडिया थाना क्षेत्र के चौकी बरौत अंतर्गत ऊपरदहां गांव स्थित सर्विस रोड पर मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूल वाहन और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी ऊपरदहां से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ऊपरदहां सीएचसी से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर सर्विस रोड पर स्कूल वाहन टाटा सूमो गोल्ड छात्रों को लेकर बरौत की ओर जा रहा था। इसी दौरान बरौत की तरफ से आ रहे बाइक सवार 25 वर्षीय महेश चौहान पुत्र श्यामलाल चौहान (ढिलढिल) निवासी बरौत की स्कूल वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी ऊपरदहां पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मृतक की मां सरिता देवी ने बताया कि महेश अपनी भाभी खुशी चौहान को दिखाने के लिए ऊपरदहां अस्पताल गया था। महेश चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके भाई मनीष, हरिश्चंद्र और सुरेश हैं।
फोटो बरौत- ऊपरदहां में हादसे के बाद घटनास्थल पर खड़ा स्कूल वाहन और मौके पर जुटी भीड़।