मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन, सर्जरी, ऑप्थोमोलॉजी सहित दर्जन भर विभागों में परास्नातक की 81 सीटें बढ़ाई जाएंगी। इसके लिए तैयारी चल रही है। शासन के निर्देश पर प्रस्ताव बनाकर भेजा जाना है। हालांकि, शासन की ओर से इसके लिए अभी तय नहीं किया गया है। लेकिन, मेडिकल कॉलेज की तरफ से कहा जा रहा है कि हफ्ते भर के अंदर यह प्रस्ताव भेज दिया जाएगा। मेडिकल कॉलेज के दर्जन भर विभागों में परास्नातक (एमडी, एमएस) सीटों के बढ़ने से न केवल अकादमिक विकास होगा बल्कि कॉलेज से जुड़े अस्पतालों में उपचार कराना मरीजों के लिए आसान होगा।
मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि शासन की ओर से अभी कुछ दिन पहले ही निर्देश आया है। कुल 15 विभागों में एमडी और एमएस की सीटें बढ़नी हैं। इसमें मेडिसिन की 10, सर्जरी की पांच, ऑप्थोमोलॉजी की चार, पिडियाट्रिक्स की सात, आर्थो की आठ, फारेंसिक की चार, फिजियोलॉजी में दो और एनॉटमी में चार, पैथालॉजी में छह और कम्युनिटी मेडिसिन में छह सीटें बढ़नी हैं।
इसमें अलावा पांच विभागों में पीजी की नई सीटें सृजित की जाएंगी। इसमें रेडियोलॉजी में पांच, माइक्रोबॉयोलॉजी में पांच, रेडियोथिरेपी में पांच, स्किन एंड बीडी में पांच और ब्लड बैंक विभाग शामिल हैं। प्राचार्य के मुताबिक सर्जरी, मेडिसिन और ऑप्थोमोलॉजी में सीटों को बढ़ाने के लिए शासन की तरह से कुछ दिन पहले ही प्रस्ताव बनाकर भेजने का निर्देश आया है जबकि पिडियाट्रिक, आर्थो, फारेंसिक, फिजियोलॉजी, एनाटमी, रेडियोलॉजी, माइक्रोबॉयोलॉजी, रेडियोथिरेपी, स्किन एंड बीडी एवं ब्लड बैंक, पैथालॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन में सीटों को बढ़ाने के लिए पहले ही प्रस्ताव भेजा जा चुका है। अब नेशनल मेडिकल कमिशन इसका सर्वे करेगी। उसकी मंजूरी मिलने के बाद सीटों को बढ़ाया जाएगा।
विभागवार सीटों का विवरण
विभाग वर्तमान में सीटों की संख्या प्रस्तावित
- मेडिसिन 15 10
- सर्जरी 20 05
- ऑप्थोमोलॉजी 11 04
- पिडियाट्रिक 03 07
- आर्थो 03 08
- फारेसिंग 01 04
- फिजियोलॉजी 03 02
- एनॉटमी 02 04
- पॅथालॉजी 02 06
- कम्युनिटी मेडिसिन 05 06
- रेडियोलॉजी 00 05
- माइक्रोबॉयोलॉजी 00 05
- रेडियोथिरेपी 00 05
- स्किन एंड बी 00 05
- ब्लड बैंक 00 05