एमएनएनआईटी के बीटेक छात्रों ने बनाया नया स्टार्टअप
देश भर में 499 रुपये में सुविधा उपलब्ध कराने की योजना
प्रयागराज। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) के बीटेक छात्रों ने कम खर्च पर होटल दिलाने के लिए स्टार्टअप तैयार किया है। ‘ओमजी रूम्स’ नाम के स्टार्टअप के जरिए छात्रों की योजना देश भर में 499 रुपये में होटल उपलब्ध कराने की है। ओमजी रूम्स स्टार्टअप बनाने वाले छात्रों ने इससे पहले रेलवे यात्रियों को 49 रुपये में कंबल, तकिया, चादर, तौलिया सहित सभी अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। अब कम खर्च पर होटल उपलब्ध कराने की योजना बनाई है।
एमएनएनआईटी से बीटेक कर रहे सोनू कुमार गुप्ता (बायोटेक), याज्ञवेंद्र (मेकेनिकल), रौनक (मेकेनिकल) आकाश कुमार (सिविल) एवं संजय कुमार (इलेक्ट्रिकल) के ने बताया कि उनके स्टार्टअप का मकसद शहर के ऐसे होटल को व्यवसाय उपलब्ध कराना है, जो इस व्यवसाय में बड़ा खर्च कर चुके हैं। सोनू ने बताया कि उसके दिमाग में यह योजना जेईई मेंस के दौरान हुई परेशानी के बाद आई। दिल्ली में कमरे का खर्च अधिक होने के चलते उसे रात में सड़क पर बितानी पड़ी थी। सोनू ने बताया कि यह सुविधा कम पैसा वाले लोगों को उपलब्ध कराई जाएगी। स्टार्टअप में तैयार एप की बटन को टैप करने के बाद उपभोक्ता के सामने होटल के विकल्प आएंगे। इन विकल्पों में से यात्री अपने लिए बेहतर विकल्प का चुनाव कर सकेंगे।
छात्रों की नई योजना में यात्रियों की हाइजीन का विशेष ध्यान
एमएनएनआईटी छात्रों ने बताया कि कम खर्च 499 रुपये में होटल उपलब्ध कराने के साथ यात्रियों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। बताया कि इससे लोगों की मात्र स्टार होटल पर निर्भरता खत्म होगी। उनके स्टार्टअप से जहां होटलों का कारोबार बढ़ेगा, वहीं इससे बेरोजगारों को रोजगार भी मिलेगा।
आय का बड़ा हिस्सा गरीब बच्चों की शिक्षा पर खर्च होगा
स्टार्ट अप पर काम कर रहे छात्र सोनू कुमार गुप्ता ने बताया कि नई व्यवस्था पर काम करने के लिए उन लोगों ने नई कंपनी ‘कॉम्फी क्लीन एंड ट्रैवेल्स प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम से स्थापित कर ली है। वेबसाइट ctechtravels.com तैयार की है, इसके जरिए जल्द ही लोगों को इस सुविधा का लाभ मिलने लगेगा। छात्रों ने बताया कि कंपनी से होने वाले लाभ का एक बड़ा हिस्सा गरीब बच्चों की शिक्षा पर खर्च किया जाएगा।