नेपाल में भड़की हिंसा से टूर ट्रेवल्स ऑपरेटरों को तगड़ा झटका लगा है। महज दो दिन में ही प्रयागराज, प्रतापगढ़ और कौशाम्बी से नेपाल के लिए 300 से ज्यादा लोगों ने बुकिंग निरस्त करा दी है। कुछ लोगों ने नवरात्र के आगे के लिए बुकिंग बढ़ाई है। इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को मानना है कि बुकिंग निरस्त करने वालों की संख्या बढ़ सकती है। कारोबारी दीपक केसरवानी बताते हैं कि पितृपक्ष पर बाजार ठंडा होने की वजह से नौ से 15 सितंबर के लिए बुकिंग करवाई थी, लेकिन हिंसा की वजह से यात्रा कैंसिल कर दी है।
इसी तरह मित्रों के साथ 11 सितंबर को नेपाल जाने वाले बेकरी कारोबारी शादाब ने भी अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया है। ट्रेवल्स सेफ के संदीप मिश्रा कहते हैं कि इस माह नेपाल के लिए अच्छी बुकिंग थी, लेकिन काफी बुकिंग निरस्त हुई है। ईएमआई हॉलिडे के विशाल कनौजिया बताते हैं कि धार्मिक पर्यटन के लिए नेपाल जाने वालों की काफी संख्या है। वहां बवाल के बाद इंडस्ट्री को तगड़ा झटका लगा है। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल का कहना है कि बुकिंग रद्द कराने वालों की संख्या अभी और बढ़ेगी। हर वर्ष हजारों लोग प्रयागराज से नेपाल घूमने जाते हैं।