इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन से 6000 से अधिक वकीलों ने लॉक डाउन के दौरान आर्थिक सहायता की मांग की है। वकीलों ने बार एसोसिएशन की वेबसाइट और ईमेल से आवेदन भेजे हैं। हाईकोर्ट के निर्देश पर गठित समिति ने जरूरतमंद अधिवक्ताओं से आवेदन मांगे थे। 23 और 24 अप्रैल, 2 दिनों में 6000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के महासचिव जेबी सिंह ने हाईकोर्ट के सभी वरिष्ठ अधिवक्ताओं व उन सभी वकीलों से बार एसोसिएशन के एडवोकेट वेलफेयर फंड में मदद देने की अपील की है, जो वकीलों की मदद करने के लिए इच्छुक हैं। उन्होंने कहा है कि मदद करने के लिए इच्छुक अधिवक्ता एडवोकेट वेलफेयर फंड के खाता संख्या 3841 6124 898, आईएफसी कोड एसबीआई एन 000 3879 पर आर्थिक मदद दे सकते हैं। उन्होंने मदद करने वाले वकीलों से अनुरोध किया है कि वह इसकी सूचना उन्हें या नवनिर्वाचित महासचिव प्रभा शंकर मिश्र को अवश्य दें। इसकी शुरुआत समिति में शामिल वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देकर की है। इनके अलावा सुप्रीम कोर्ट के वकील राकेश द्विवेदी ने तीन लाख़ और हाईकोर्ट के अधिवक्ता अजीत कुमार ने बार एसोसिएशन को दो लाख रुपये की सहायता दी है।
उल्लेखनीय इलाहाबाद हाईकोर्ट ने लाभ के दौरान अधिवक्ताओं को परेशानी से उबारने के लिए स्वत: संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट बार एसोसिएशन को निर्देश दिया था कि वह अधिवक्ताओं को आर्थिक सहायता दे। इस सम्बंध में हाईकोर्ट ने छह सदस्यों की समिति गठित की है, जिसमें अध्यक्ष राकेश पांडे, महासचिव जेबी सिंह, नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमरेंद्र नाथ सिंह महा सचिव प्रभा शंकर मिश्र, वरिष्ठ अधिवक्ता बीपी श्रीवास्तव और मुख्य स्थायी अधिवक्ता विकास त्रिपाठी शामिल हैं। मदद के लिए आवेदन करने की शुक्रवार को अंतिम तिथि होने के कारण उम्मीद की जा रही है कि शनिवार से मदद कार्य की शुरुआत कर दी जाएगी।