उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी)
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती के लिए अभ्यर्थी ही नहीं मिले और आधे से अधिक पद खाली रह गए। असिस्टेंट प्रोफेसर एनाटमी के पांच पदों में से दो पदाें पर स्वाति यादव और मोहम्मद फैजान अंसारी को चयनित घोषित किया गया है। पांच पदों में दो पद अनारक्षित व तीन पद ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित थे। ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित तीन पदों के सापेक्ष कोई अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण तीनों पद खाली रह गए, जिनके पुनर्विज्ञापन की संस्तुति की गई है।
वहीं, असिस्टेंट प्रोफेसर कार्डियोवस्कुलर थोरैसिक सर्जरी के तीन पदों (एक पद अनारक्षित, एक पद एससी श्रेणी, एक पद ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षित) पर भर्ती के के लिए 21 जुलाई को साक्षात्कार आयोजित किया गया था। इसमें कोई अभ्यर्थी उपस्थित नहीं हुआ और तीनों पद खाली रह गए। इसके अलावा आयोग ने असिस्टेंट प्रोफेसर स्टेटिस्टक एंड डेमोग्राफी (आब्स एंड गायनी विभाग) के तीन पदों (दो पद ओबीसी व एक पद एससी वर्ग के लिए आरक्षित) पर सीधी भर्ती का परिणाम घोषित किया है। 20 और 21 जुलाई को हुए साक्षात्कार के आधार पर पवन कुमार, रतन कुमार ठाकुर और राहुल भारती को चयनित घोषित किया गया है।