प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों के लिए 16448 सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए आवेदन के सातवें दिन तक 18368 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण करवाया। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 11 जुलाई शाम पांच बजे है। अभ्यर्थी ई-चालान के जरिए 13 जुलाई शाम पांच बजे तक शुल्क जमा कर सकते हैं। ई-चालान के जरिए शुल्क जमा करने के बाद 15 जुलाई शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन पूरा करना होगा। इसके बाद कोई ऑनलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सचिव बेसिक शिक्षा परिषद संजय सिन्हा ने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया में बीटीसी, विशिष्ट बीटीसी, उर्दू बीटीसी, डीएड प्रशिक्षण, बीएलएड पास एवं उत्तर प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार की ओर से आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा पास की हो आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासनादेश जारी होने तक जिन अभ्यर्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित हो चुके हैं, वही इस भर्ती में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बीएसए को निर्देश दिया है कि जो अभ्यर्थी फर्जी प्रमाण पत्र लगाकर आवेदन करने में पकड़े जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।