अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए अब दस और सौ रुपये के कूपन से भी धन संग्रह होगा। इसकी शुरूआत एक फरवरी से होगी। इस दौरान माघ मेला स्थित विश्व हिंदू परिषद के शिविर में भी पांच काउंटर के माध्यम से धन संग्रह होगा। पहले यह अभियान 25 जनवरी से शुरू होना था, लेकिन अब यह अभियान संघ विचार के पदाधिकारियों की बैठक के बाद एक फरवरी से शुरू करने की तैयारी की गई है।
दरअसल मकर संक्रांति के अवसर पर ही प्रयागराज में श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण धन संग्रह अभियान की शुरूआत हुई। इस अभियान में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सिद्धार्थ नाथ सिंह, सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी, सांसद केशरी देवी आदि भी शिरकत कर चुके हैं। अभी एक हजार के कूपन या फिर उससे ज्यादा का धनराशि के लिए रसीद के माध्यम से ही धन संग्रह किया जा रहा है। लेकिन अब दस और सौ रुपये के कूपन से धन संग्रह किया जाएगा।
इसके पूर्व 31 जनवरी को संघ विचार परिवार के सदस्यों ने प्रयागराज में ही एक लाख से ज्यादा लोगों से संपर्क करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं दूसरी ओर बुधवार को यात्रिक होटल सिविल लाइंस में संघ विचार परिवार की ओर से धन संग्रह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में काफी संख्या में लोगों ने मंदिर निर्माण के लिए अपनी समर्पण निधि अर्पित की। यहां संघ परिवार के गजेंद्र , शिवकुमार, विभाग प्रचारक श्रीकृष्णचंद्र, प्रमोद सिंह, विनय पांडेय आदि मौजूद रहे। इसके अलावा निधि समर्पण अभियान में शहर के अन्य इलाकों में भी लोगों ने बढ़चढ़ कर भागीदारी की।