शोहदे का करतूत सीसीटीवी में कैद।
- फोटो : अमर उजाला
आवास विकास काॅलोनी योजना तीन के लाल चौक पर शुक्रवार की रात बुलेट सवार शोहदे ने घर जा रही दो किशोरियों के साथ छेड़छाड़ की। शोहदे की हरकत से परेशान किशोरियां जब भागने लगीं तो शोहदा बुलेट लेकर उनके पीछे लग गया। शोहदे ने किशोरियों के घर तक उनका पीछा किया। शोहदे की पूरी करतूत लाल चौक के एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शनिवार को किशोरियों की ओर से आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई थी।
आवास विकास काॅलोनी योजना तीन निवासी दो किशोरियां, उसका छोटा भाई और दादी शुक्रवार की रात तकरीबन 11 बजे झूंसी पुलिस बूथ पर अपने चाचा को खाने का टिफिन पहुंचाने गए थे। दोनों किशोरियों के चाचा शुक्रवार को कांवड़ लेकर काशी रवाना हुए थे। चाचा को खाने का टिफिन देने के बाद दोनों किशोरियां, उसका छोटा भाई और दादी पैदल घर लौट रहे थे।
चारों काॅलोनी के लाल चौक पर पहुंचे ही थे कि पीछे से शराब के नशे में धुत एक शोहदा बुलेट से आया। किशोरियों को देखकर वह फब्तियां कसने लगा। साथ ही कार सवार अपने कुछ अन्य दोस्तों को भी फोन कर वहां बुला लिया। शोहदे की हरकत से किशोरियां, उसका भाई और दादी डर गए। उनको कुछ नहीं सूझी तो सभी दौड़ते हुए घर की ओर भागने लगे। इसके बावजूद शोहदा बुलेट लेकर पीछे लग गया।
किशोरियों के मुताबिक शोहदे ने उनके घर के दरवाजे तक पीछा किया। इस दौरान लोगों ने शोहदे को घेर भी लिया था, लेकिन वह फरार हो गया। शनिवार को किशोरियों की ओर से आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई। शोहदा झूंसी के महीन गांव का रहने वाला बताया गया है।