प्रयागराज। धूमनगंज के राजरूपपुर में कोचिंग जा रही दो छात्राओं से सरेराह छेड़खानी की गई। विरोध पर मनबढ़ युवक सरेराह उन्हेें धमकाने लगे। छात्राओं के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने खदेड़ा तो आरोपी बाइक छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। उसका कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।
धुस्सा की रहने वाली 16 व 17 वर्षीय दो छात्राएं राजरूपपुर में कोचिंग पढ़ती हैं। पुलिस के मुताबिक, उनके परिजनों ने बताया कि कोचिंग आते-जाते वक्त रोजाना कुछ युवक दोनों छात्राओं से छेड़छाड़ करते थे। राह चलते अश्लील फब्तियां कसते थे। डर के चलते छात्राओं ने परिजनों को कुछ नहीं बताया। शुक्रवार शाम फिर कोचिंग से लौटते वक्त आरोपी युवकों ने छात्राओं का पीछा किया। जिसका उन्होंने विरोध किया तो आरोपी सरेराह धमकाने लगे। जिस पर छात्राओं ने शोर मचाया तो स्थानीय लोग दौड़ पड़े। उनके खदेड़ने पर आरोपी भाग निकले लेकिन हड़बड़ी में उनकी बाइक छूट गई। सूचना पर एसआई अनिल भगत मौके पर पहुंचे और बाइक को कब्जे में लेकर थाने ले आए। पुलिस का कहना है कि बाइक के नंबर से मालिक का नाम पता लगाने की कोशिश की जा रही है। आरोपियों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।