भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रविवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से आयोजित प्रकृति वंदन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। संघ के पर्यावरण संरक्षण गतिविधि विभाग तथा हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में देश भर में लोग एक साथ एक समय पर अपने घरों में लगे पौधों की पूजा करेंगे। रविवार 30 अगस्त की सुबह दस से 11 बजे तक होने वाले कार्यक्रम की शुरुआत में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी ऑनलाइन लोगों को संबोधित करेंगे।
इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी नेताओं एवं पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक शनिवार को हुई। बैठक में महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि 30 अगस्त को सुबह 10 बजे से लेकर 11 बजे के बीच में अपने घर में लगे पौधों को जल समर्पित करते हुए उनकी वंदना की जाए। इस दौरान उनके रक्षण का संकल्प ले कर प्रकृति वंदन दिवस के रूप में मनाएं ।
बैठक में कुंज बिहारी मिश्रा , देवेश सिंह ,वरुण केसरवानी ,राजेश केसरवानी, प्रमोद मोदी ,राजू पाठक ,विवेक अग्रवाल, राघवेंद्र सिंह, सचिन जायसवाल, श्याम प्रकाश पांडे, राघवेंद्र मिश्रा, मनोज मिश्रा आदि मौजूद रहे। उधर संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. मुरारजी त्रिपाठी के अनुसार संगठन के निर्देश पर यह कार्यक्रम एक साथ पूरे देश भर में एक समय पर आयोजित किया जाएगा। संपूर्ण प्रयाग विभाग में जिले के कोने-कोने तथा नगर के हर मोहल्ले के प्रत्येक घर में इस कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से कराने के लिए एक व्यापक योजना तैयार कर ली गई है।