‘हर हिंदू की यही पुकार, पहले मंदिर फिर सरकार’ के नारे के साथ मुंबई से चले सैकड़ों शिवसैनिक शुक्रवार को प्रयागराज होते हुए अयोध्या रवाना हो गए। मुंबई से 24 कोच की स्पेशल ट्रेन से जंक्शन पहुंचे शिवसैनिकों ने खूब जयकारे लगाए। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार को भी निशाने पर लिया। कहा कि केंद्र में साढ़े चार वर्ष बीत जाने के बाद भी अब तक मोदी सरकार राममंदिर निर्माण को लेकर कोई उल्लेखनीय कदम नहीं उठा सकी है।
महाराष्ट्र के नवी मुंबई, कल्याण, थाणे, भिवंडी आदि लोकसभा क्षेत्र से अयोध्या जा रहे शिवसैनिकों ने कहा कि अगर अभी मंदिर नहीं बन सका तो फिर कभी नहीं बन सकेगा। थाणे के अनिल भोर, मुंबई के स्वप्निल शुक्ला, रमेश पुरोहित, एनके मिश्र आदि ने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव के दौरान न तो भगवान राम के नाम पर वोटों की भीख मांगती है और न ही जुमले बाजी करती है। शिवसैनिक वहां राजनीतिक मकसद से नहीं जा रहे हैं। वे वहां अयोध्या भगवान राम का दर्शन करने के लिए जा रहे हैं। वहां शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे भी मौजूद रहेंगे। कल्याण से आए शिवाजी शिंदे ने कहा कि अयोध्या जा रहे शिवसैनिकों पर तोहमत लगाने की जगह सरकार को मंदिर निर्माण के लिए तारीख बताकर संदेह खत्म करना चाहिए। क्योंकि अब मंदिर निर्माण का मु्द्दा भाजपा के हाथ से निकल गया तो 2019 में उसकी सरकार किसी भी सूरत में दोबारा नहीं आएगी। शुक्रवार शाम 4.45 बजे के आसपास जंक्शन पहुंची 24 कोच की स्पेशल ट्रेन 30 मिनट तक खड़ी रही। इस दौरान अलग-अलग गुट में शिवसैनिकों ने अपनी पार्टी का झंडा लेकर ‘जय श्रीराम’ के जयकारे लगाए। इसके पूर्व शिवसैनिकों की ट्रेन आने के पहले जंक्शन छावनी में तब्दील हो गया। आईजी रेलवे बीआर मीणा, इंसपेक्टर जीआरपी रघुबीर सिंह, आरपीएफ प्रभारी रजिंदर कुमार आदि जवानों के साथ प्लेटफार्म नंबर नौ पर ही डटे रहे। ट्रेन रवानगी के बाद ही फोर्स वहां से हटी।
मुंबई से अयोध्या गई शिवसेना की स्पेशल ट्रेन में उत्तर भारतीयों की भी खूब संख्या रही। इस ट्रेन से मुंबई में नौकरी कर रहे प्रतापगढ़ जिले के सुनील सिंह ने बताया कि वह पिछले 20 वर्ष से मुंबई में ही नौकरी कर रहे हैं। इसी दौरान शिवसेना का भी सदस्य बन गया। अब जब उद्धव ठाकरे अयोध्या पहुंच रहे हैं, ऐसे में उत्तर भारतीय होने के नाते हमारा भी दायित्व बनता है कि वहां पहुंचकर मंदिर निर्माण में शिवसैनिक अपनी अग्रणी भूमिका अदा करें। स्पेशल ट्रेन में सफर कर रहे शैलेश पांडेय ने बताया कि स्पेशल ट्रेन में काफी संख्या में शिवसैनिक जो यूपी के तमाम जिलों के रहने वाले हैं और मुंबई, ठाणे आदि स्थानों पर रोजगार कर रहे हैं वे सभी अयोध्या के लिए इस ट्रेन से निकले हैं।
अयोध्या में विश्व हिंदू परिषद की 25 नवंबर को आयोजित धर्मसभा में शिरकत करने के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 20 हजार स्वयं सेवक शनिवार को प्रयागराज से रवाना होंगे। संघ पदाधिकारियों का दावा है कि काशी प्रांत से एक लाख स्वयंसेवक अयोध्या जा रहे हैं। इसमें 20 हजार प्रयागराज तो बाकी 80 हजार अन्य जिलों के स्वयंसेवक रहेंगे। स्वयंसेवकों को अयोध्या तक पहुंचाने के लिए संघ के रणनीतिकारों ने अपनी नेटवर्किंग भी तैयार कर ली है।
काशी प्रांत की बात की जाए तो अब तक 1322 बसें बुक की जा चुकी है। इन बसों से 70 हजार स्वयंसेवक अयोध्या भेजने की तैयारी की गई है। प्रांत प्र्रचारक रमेश जी को बताया गया है कि 1546 चार पहिया निजी वाहनों से दस हजार स्वयंसेवक एवं सात मोटरसाइकिलों से 14 हजार स्वयंसेवक अयोध्या कूच करेंगे। इसके अलावा ट्रेन से भी हजारों कार्यकर्ताओं को अयोध्या पहुंचाने की तैयारी की गई है। संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख डा. एमजे त्रिपाठी के मुताबिक प्रयाग विभाग से पांच हजार कार्यकर्ता ट्रेन एवं सरकारी बसों से निकलेंगे। इसी तरह कौशांबी के स्वयंसेवक भी बसों एवं ट्रेनों के माध्यमसे अयोध्या रवाना होंगे। स्वयंसेवक वहां 25 नवंबरर को जनआग्रह रैली में भाग लेकर अयोध्या में राममंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेंगे।