वाणिज्य कर विभाग कार्यालय की टीम ने बुधवार को इंदिरा भवन में कार्रवाई करते हुए जीएसटी की बड़ी चोरी पकड़ी। विभागीय टीम को खबर मिली थी कि यहां एक मोबाइल विक्रेता द्वारा बीते चार वर्ष में 70 करोड़ रुपये से ज्यादा की बिक्री की गई है, लेकिन कागजों में हेरफर कर उसने अब तक लाखों रुपये की कर चोरी कर ली है। विभाग के सचल दस्ते की टीम ने दोपहर में मोबाइल विक्रेता के यहां छापा मारा। इस दौरान उसके यहां रखे सभी रिकार्ड सीज कर लिए गए।
विभागीय अफसरों का अनुमान है कि संबंधित विक्रेता द्वारा कम से कम 30 लाख रुपये का टैक्स नहीं जमा किया गया। विभाग के डीसी हेमंत गौतम के नेतृत्व में पड़े छापे में डीसी मुकेश कुमार, लल्लन यादव आदि ने वहां कार्रवाई के दौरान पाया कि जीएसटी लागू होने के बाद से अब तक संबंधित मोबाइल विक्रेता द्वारा 70 करोड़ से ज्यादा के मोबाइल की बिक्री की जा चुकी है, लेकिन उसने टैक्स अब तक सिर्फ एक लाख रुपये ही जमा किया है।
डीसी हेमंत गौतम के अनुसार वहां रखे सभी रिकार्ड सीज करने के साथ उसकी जांच की जा रही है। विक्रेता को सुनवाई का मौका दिया जाएगा। अनुमान है कि उसने 30 लाख रुपये से ज्यादा की कर चोरी की है। कार्रवाई के दौरान विभागीय अफसर जितेंद्र कुमार, प्रियंका यादव, अजय कुमार, अवध कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर विभागीय कार्रवाई के दौरान इंदिरा भवन में हड़कंप मच गया। इस दौरान कुछ दुकानदार अपने स्टाफ को दुकान पर बैठाकर वहां मोबाइल एवं अन्य उपकरणों की खरीद फरोख्त के पेपर वहां से लेकर चलते बने।