विधान परिषद स्थानीय प्रधिकारी (एमएलसी) के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को वोट डाले जाएंगे। इसके लिए प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वोट सुबह आठ बजे से लेकर शाम चार बजे तक पड़ेगा। इसके लिए बुधवार को देर शाम तक पोलिंग पार्टियां रवाना हो गईं। मुकाबला त्रिकोणीय है। मैदान में सपा के बासुदेव यादव अपनी जीत का दावा कर रहे हैं तो भाजपा से रईश चंद्र शुक्ला उनको मात देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं, जबकि निर्दल प्रत्याशी के तौर पर चंद्रदत्त शुक्ल ताल ठोक रहे हैं। वोटिंग में कुल 4443 वोटर हिस्सा लेंगे।
वोटिंग के लिए इलाहाबाद में जहां 22 स्थानों पर वोट डाले जाएंगे, वहीं कौशांबी में आठ स्थानों पर पड़ेंगे। वोटिंग स्थलों पर पीठासीन अधिकारी एक, तीन पोलिंग अफसर की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 22 माइक्रो आब्जर्वर एवं जोनल मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है। सहायक चुनाव अधिकारी केके बाजपेयी ने बताया कि हंडिया और करछना में वेब कॉस्टिंग भी की जाएगी। वोटिंग के समय वीडियो रिकार्डिंग भी कराई जाएगी।