कायस्थ महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का भी है दायित्व
डॉ. केपी श्रीवास्तव वर्ष 1993 में केपी ट्रस्ट के अध्यक्ष चुने गए। वहां उनका कार्यकाल 1998 तक रहा। इसके बाद उन्होंने मेयर का चुनाव वर्ष 2000 में लड़ा। यहां 2005 तक वह मेयर के पद पर रहे। वह अखिल भारतीय महापौर परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का भी दायित्व संभाल चुके हैं। वर्तमान में वह कायस्थ महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर तैनात है।
भाजपा में भी संभाल चुके हैं तमाम दायित्व
भाजपा प्रबुुद्ध वर्ग के प्रदेश उपाध्यक्ष होने के साथ डॉ. केपी श्रीवास्तव ने पश्चिम बंगाल के चुनाव प्रचार में पार्टी की ओर से एक माह प्रवास किया। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से भी वह जुड़ाव रखते हैं। वर्ष 2017 में विधानसभा, 2019 में लोकसभा और उसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने टिकट का प्रयास किया था, हालांकि उन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से आश्वासन मिला था कि उनका ध्यान रखा जाएगा।
डा. केपी कल करेंगे नामांकन, उनके आवास पर लग मोदी-योगी के समर्थन में लगे नारे
भाजपा द्वारा स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची में डा. केपी श्रीवास्तव का नाम देखने के बाद तमाम भाजपाई होली खेलते हुए ही दोपहर में उनके आवास पर पहुंच गए। इलाहाबाद कौशांबी स्थानीय प्राधिकरण के लिए उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने के बाद डा. केपी को उन नेताओं ने भी बधाई दी जो एमएलसी टिकट की लाइन में लगे हुए थे। डा. केपी ने बताया कि वह सोमवार को अपना नामांकन करेंगे।
भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा भाजपा ने एमएलसी चुनाव के लिए सुयोग्य उम्मीदवार के नाम की घोषणा है। उन्होंने डा. केपी को टिकट मिलने की बधाई देने के साथ जीत की शुभकामनाएं दी। बधाई देने वालों में भाजपा प्रदेश महामंत्री डा. कीर्तिका अग्रवाल, पूर्व प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुबोध सिंह, विक्रमाजीत सिंह भदौरिया, पार्षद पवन श्रीवास्तव, विवेक अग्रवाल, राजेश केसरवानी, आनंद श्रीवास्तव आदि ने उन्हें बधाई दी।
इसके अलावा एमएलसी टिकट के दावेदारों में शामिल पूर्व विधायक दीपक पटेल, सुशील मिश्र, अवधेश चंद्र गुप्ता, अशोक सिंह आदि ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी। वहीं दूसरी ओर कई कार्यकर्ताओं ने डा. केपी का माल्यार्पण भी किया। इस दौरान सांसद केशरी देवी पटेल, डा. रीता बहुगुणा जोशी ने भी उन्हें बधाई दी। इस दौरान डा. केपी के आवास पर पीएम मोदी, सीएम योगी के समर्थन में नारे भी लगे।