इलाहाबाद (ब्यूरो)। आर्य कन्या डिग्री कॉलेज की लापता तीसरी छात्रा को पुलिस ने मुट्ठीगंज में उसकी सहेली के घर से बरामद किया है। इससे पहले लापता सगी बहनों को दूसरे दिन ही पुलिस ने स्टेशन से पकड़ा था।
चौकी प्रभारी हटिया संतोष सिंह ने बताया कि लापता छात्रा ने पूछताछ में बताया कि वह घरवालों से परेशान थी। मां के न होने से उसे घर में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। लापता होने के एक दिन पहले उसने अपनी एक शिक्षिका को बताया था कि उसके घर में कुछ परेशानी चल रही है। जिसके चलते वह क्लास में नहीं आ पाएगी। कुछ नोट्स हो तो दे दें लेकिन इसके दूसरे दिन छात्रा के लापता होने के बाद खलबली मच गई थी। दारागंज की दो सगी बहनें भी लापता थीं। एक साथ तीन छात्राओं के लापता होने से मुट्ठीगंज पुलिस के साथ परिजन और कॉलेज प्रशासन भी परेशान था। प्राचार्य डॉॅ.उर्मिला श्रीवास्तव का कहना है इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। इससे कालेज की छवि खराब होती है। जबकि, ऐसी घटनाओं में कालेज की कोई भूमिका नहीं होती।