धूमनगंज निवासी युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया गया। साथ ही अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी किया गया। युवती का आरोप है कि उसकी नानी के घर किराये पर रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले फतेहपुर निवासी अंकित पटेल ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
साथ ही अश्लील वीडियो भी बना लिया। शादी की बात करने पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। साथ ही मारपीट गालीगलौज की। यही नहीं एक दिन घर पर किसी के न रहने के दौरान आईफोन व अन्य सामान लेकर चला गया। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
पति ने दिया तीन तलाक, छह पर नामजद रिपोर्ट
करेली निवासी युवती से दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने तीन बार तलाक बोलकर रिश्ता तोड़ लिया। इससे पहले मारपीट, गालीगलौज भी की गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 21 वर्षीय युवती का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। दहेज की मांग की जाने लगी जबकि उसके पिता ने शादी में अपनी हैसियत के अनुसार खर्च किया था। दहेज न मिलने पर मारपीट, गालीगलौज की गई और जान से मारने की भी धमकी दी गई। इसके बाद तीन बार तलाक बोलकर पति ने रिश्ता खत्म कर लिया। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति अदनान अंसारी, ससुर-सास व दो ननद व अन्य रिश्तेदारों पर मुस्लिम महिला अधिनियम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।