शिक्षकों की मौजूदगी में हुई छात्र की हत्या, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे रहे सवाल
करछना थाना क्षेत्र के कुलमई लाला का पुरा स्थित इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज में बुधवार सुबह हुई छात्र अवनीश पांडे (17) की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। कॉलेज परिसर में शिक्षकों और विद्यार्थियों की मौजूदगी में हुई इस घटना से न केवल छात्र-छात्राएं बल्कि अभिभावक भी खौफजदा हैं। उधर कॉलेज में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। उधर घटना के बाद से कॉलेज प्रबंधक का लगातार फोन बंद रहा।
छात्र और शिक्षकों की मौजूदगी के बावजूद नाबालिग छात्र चाकू लेकर परिसर में कैसे प्रवेश कर गए और इतनी भयावह घटना को अंजाम दे दिया, यह सवाल सभी की जुबान पर है। उधर, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे रिश्तेदारों के बीच इस बात की भी चर्चा रही कि इसकी भी जांच होनी चाहिए कि घटना में नाबालिग छात्र क्यों शामिल हुए। क्या उनसे भी कोई विवाद था।
सवाल यह भी है कि अगर माहौल तनावपूर्ण था तो कॉलेज प्रबंधन को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। आरोप लग रहे हैं कि कॉलेज प्रबंधन समय रहते स्थिति को भांप गया होता तो शायद इतनी बड़ी घटना नहीं घटती। इस बाबत स्कूल प्रबंधक मनोज पांडेय से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका फोन लगातार बंद रहा।