मऊदोस्तपुर में बुधवार को सवारी बैठाकर आ रहे नाबालिग चालक का ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर खंभे में टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी की ई-रिक्शा पलटकर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे चार लोग जख्मी हो गए। सभी को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में कई नाबालिग चालक ई-रिक्शा सड़कों पर दौड़ा रहे हैं। जिस वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं।
बताया गया है कि घीनपुर से सवारी बैठा कर आ रहे नाबालिग ई-रिक्शा चालक ने गाना बजा रखा था। ई-रिक्शा की स्पीड भी काफी तेज थी। जिसके चलते वह मऊदोस्तपुर के पास बिजली के खंभे से टकरा गया। उसमें बैठीं रेखा देवी, सुमन देवी, बाबूलाल, राम आधार बुरी तरह से जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया है।
छह माह पहले 40 ई-रिक्शों का हुआ था चालान
छह माह पूर्व एडिशन डीसीपी पुष्कर वर्मा के निर्देश पर फूलपुर के एसीपी रहे पंकज लवनिया ने मऊआइमा इलाके के 40 ई-रिक्शों का चालान कर उन्हें थाने लाकर खड़ा किया था। पुलिस का कहना है कि समय-समय पर ई-रिक्शा चालकों के कागजात चेक किए जाते रहते हैं। उनमें खामी मिलने पर कार्रवाई की जाती है।
कई जगहों पर नाबालिगों के हाथों में स्टेयरिंग
क्षेत्र में थाना पड़ाव, नाटी इमली चौराहा, तीन बत्ती चौराहा, बैरहना चौराहा समेत कई जगहों पर नाबालिग ई-रिक्शा लेकर सवारियां ढ़ोते नजर आते हैं। उनकी स्पीड भी काफी तेज रहती है। जिस वजह से हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। कई बार पुलिस ने अवैध ई-रिक्शा चालकों और नाबालिग चालकों पर कार्रवाई की लेकिन वह कुछ दिन बाद फिर से पुराने ढर्रे पर आ जाते हैं।