काम के दम पर मिला सम्मान, विरोधियों के आरोप बेबुनियाद
डॉ. संजय निषाद ने कहा कि निषाद समाज में उनकी स्वीकार्यता किसी व्यक्ति विशेष के दावे से नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष और कार्यों के आधार पर बनी है। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी ने समाज को राजनीतिक पहचान दिलाई और भाजपा के साथ गठबंधन के जरिए निषाद समाज की भागीदारी बढ़ाई।
हाल ही में दिए गए एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि समाज का नेतृत्व केवल दावा करने से नहीं, बल्कि आंदोलन, जेल यात्रा, संगठन निर्माण और समाज के हित में किए गए कार्यों से तय होता है। उन्होंने दावा किया कि निषाद पार्टी बनने के बाद समाज की राजनीतिक ताकत बढ़ी और आज पार्टी के विधायक व जनप्रतिनिधि सरकार में प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं।
डॉ. निषाद ने आरोप लगाया कि कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ के कारण समाज को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन निषाद समाज अब जागरूक है और काम करने वालों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का विस्तार कई राज्यों में हुआ है और कार्यकर्ताओं के दम पर आगे भी संगठन को मजबूत किया जाएगा।