पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने शनिवार को करेली थाना क्षेत्र के सदियापुर की निवासिनी कामिनी सिंह को ढांढस बंधाया।कामिनी के 17 वर्षीय पुत्र प्रियांशु सिंह उर्फ यश की विगत दिनों जघन्य तरीके से हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया था। मंत्री ने पूरी मजबूती के साथ ही हर स्थिति में साथ देने एवं आजीवन आर्थिक सहायता प्रदान करने का वादा किया। 10 हजार रुपये प्रति माह के अनुसार 50 चेक के माध्यम से अग्रिम राशि पीड़ित परिवार को प्रदान की। न्यायिक प्रक्रिया के साथ दोषी के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई का निर्देश अधिकारियों को दिया।
मंत्री नंदी ने कहा कि बहुत ही दुर्दांत मानसिकता वाले व्यक्ति की वजह से एक हंसता-खेलता हुआ परिवार उजड़ गया। एक बच्चा जो पढ़ने-लिखने में बहुत मेधावी था। उसे बहुत जीना था। कुछ बनना था। अपने परिवार का सहारा बनना था, लेकिन दरिंदगी का शिकार हुआ। इस जघन्य हत्या को अंजाम देने वालों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
कहा कि छात्र के गुमशुदगी की जानकारी होने पर उस समय भी वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता कर जांच प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे। जिसके कुछ ही घंटों बाद पुलिस की सक्रियता से पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ था। रिश्तों के साथ ही इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना को अंजाम देते हुए कुछ दिनों पहले करेली थाना क्षेत्र के सदियापुर में रहने वाले 17 वर्षीय छात्र पीयूष सिंह उर्फ यश की हत्या कर दी गई थी। शव को कई टुकड़ों में विभक्त कर विभिन्न स्थानों पर फेंक दिया गया था। इस घटना ने हर किसी को द्रवित और व्यधित किया। मंत्री नंदी के साथ भाजपा महानगर अध्यक्ष अनिल केसरवानी झल्लर, पार्षद साहिल अरोड़ा, गया प्रसाद निषाद, पूर्व मंडल अध्यक्ष रणविजय सिंह, मनोज गुप्ता आदि मौजूद रहे।