गंगापार के सरकारी प्राइमरी और जूनियर हाईस्कूल तक गैस सिलिंडर का संकट गहरा गया है। मिड डे मील का भोजन लकड़ी पर बन रहा है। झूंसी के तुलापुर गांव स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल में पिछले तीन दिनों से सिलिंडर खत्म होने पर लकड़ी और कंडे पर मिड डे मील का भोजन पकाया जा रहा है।
गंगापार के नगर निगम के सीमा विस्तारित क्षेत्र के वार्डों में 26 और विकास खंड में 101 सरकारी प्राइमरी स्कूल और 19 कंपोजिट स्कूल हैं। गैस सिलिंडर की किल्लत के कारण बच्चों के मिड डे मील पर संकट गहरा गया है। प्रधानाध्यापक और शिक्षक लगातार गैस एजेंसियों से संपर्क कर रहे हैं लेकिन समय पर गैस सिलिंडर न मिलने से समस्या खड़ी हो गई है।
तुलापुर प्राइमरी स्कूल की प्रधानाध्यापिका रेखा वर्मा ने बताया कि तीन दिन पहले गैस सिलिंडर पूरी तरह खत्म हो गया। सिलिंडर के लिए उन्होंने कई बार ऑनलाइन बुकिंग का प्रयास किया लेकिन कुछ नहीं हुआ। झूंसी गैस एजेंसी जाकर भी सिलिंडर के लिए संपर्क किया लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं कई परिषदीय विद्यालयों में गैस सिलिंडर का स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है।