इलाहाबाद (ब्यूरो)। इलाहाबाद में मेट्रो रेल चलाने की योजना को खाका तैयार हो गया है। रूट मैप का सर्वे करने के बाद शुक्रवार को कमिश्नर राजन शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में इसे अंतिम रूप दिया गया। इस प्रस्ताव को शनिवार को शासन को भेजा जाएगा। इस बीच एडीए में मेट्रो रेल सेल का भी गठन कर दिया गया है। अब मेट्रो रेल से संबंधित सभी काम इसी सेल के जरिए होंगे।
दो सितंबर को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से इलाहाबाद में मेट्रो रेल चलाने की घोषणा के अगले दिन कमिश्नर ने एडीए, नगर निगम, परिवहन सहित अन्य विभागों के अफसरों के साथ बैठक की। इसमें एडीए की ओर से करीब आठ वर्ष पहले मेट्रो रेल के लिए बनाए गए प्रस्ताव को रखा गया। एडीए ने पश्चिम से पूर्व मनौरी से झूंसी के बीच 30.20 किलोमीटर, उत्तर से दक्षिण इलाहाबाद बाई पास से करछना 40.20 किलोमीटर, पश्चिम से पूर्व सूबेदारगंज स्टेशन से परेड 7.70 किलोमीटर तथा उत्तर से दक्षिण अरैल से इरादतगंज 10.70 किलोमीटर का रूट मैप तैयार किया है।
शुक्रवार को कमिश्नर कार्यालय में हुई बैठक में एडीए, नगर निगम और परिवहन विभाग के संयुक्त रूट मैप के सर्वे रिपोर्ट पर चर्चा हुई। इसमें ज्यादातर हिस्से में एलीवेटेड मेट्रो रेल का प्रस्ताव रखा गया है। कमिश्नर ने बताया कि प्रस्ताव आवास विभाग को भेजकर मेट्रो रेल के लिए जल्द तकनीकी कंसल्टेट नियुक्ति कराने का प्रयास होगा। इसके अलावा इसके लिए फंडिंग की भी योजना बनाई जाएगी।