इलाहाबाद (ब्यूरो)। ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे इलाहाबाद में मेट्रो ट्रेन के लिए डीपीआर तैयार करने की हरी झंडी मिलने के बाद शहरियों को इस समस्या से छुटकारा मिलने की उम्मीद बंध गई है। शनिवार को मंडलायुक्त राजन शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में इलाहाबाद विकास प्राधिकरण (एडीए) के उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम चरण में डीपीआर बनाने में साढ़े तीन करोड़ रुपये का अनुमानित व्यय आ रहा है।
कमिश्नर के कैंप कार्यालय में हुई बैठक में बताया गया कि ट्रांसपोर्टर प्लानर द्वारा प्रथम चरण के मार्गों का सर्वे किया जा रहा है। सर्वे का कार्य पूरा होते ही दूसरे चरण में होने वाले सर्वे का कार्य शुरू होगा। एडीए वीसी ने बताया कि मैट्रो के लिए लोगो प्रतियोगिता का भी आयोजन कराया जाना है। इलाहाबाद में मैट्रो रेल परियोजना का काम कानपुर की तर्ज पर हो रहा है। इसके पूर्व बैठक में कमिश्नर ने शहर के मुख्य चौराहों के सौन्दर्यीकरण एवं सुद्ढीकरण के कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा कराने का निर्देश वीसी को दिया। उन्होंने मुख्य मार्गों पर स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रासिंग, यातायात संकेतों की कार्रवाई में धीमी प्रगति पर एसपी ट्रैफिक निहारिका शर्मा पर नाराजगी जाहिर की। साथ ही शीघ्रता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में डीएम संजय कुमार, नगर आयुक्त शेषमणि पांडेय, मुख्य अभियंता एडीए आरएन सिंह, आरडी राय आदि मौजूद रहे।