इस बार भीषण गर्मी के लिए तैयार रहिए। पारा अप्रैल के पहले हफ्ते में ही नए रिकार्ड बना रहा है। सोमवार को अधिकतम पारा जहां 41 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया वहीं न्यूनतम पारा 27 के करीब रहा। तापमान बढ़ने केे साथ नमी में भी कमी आई है। इससे परेशान लोग बाहर निकलने से बचते नजर आए। बाहर निकलने वाले लोग गर्मी से बेहाल रहे।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पारा 41.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि रविवार को यह 41 डिग्री सेल्सियस पर था। एक दिन के मुकाबले यह 0.5 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम पारा एक डिग्री और बढ़ा। न्यूनतम पारा रविवार के 25.5 डिग्री से बढ़कर सोमवार को 26.5 डिग्री पर पहुंच गया। तापमान के बढ़ने के साथ नमी में भी कमी दर्ज की गई है। सोमवार को अधिकतम नमी में दो फीसदी की गिरावट आई। यह 74 फीसदी रहा जबकि न्यूनतम नमी में 0.5 फीसदी की कमी दर्ज की गई।
नमी में कमी होने से गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग का मानना है पारा फिलहाल नीचे नहीं आएगा। इसके चढ़ने से मौसम में बदलाव आ सकता है। बारिश की संभावना भी जताई जा रही है।