मण्डलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की टीम के साथ पिछले दो दिनों में दिवाली के दूसरे दिन और आज अपरान्ह तक कुम्भ के कार्यों का सघन निरीक्षण किया। प्रातः से अपरान्ह तक दोनों दिन मण्डलायुक्त का काफिला नगर के सम्पर्क मार्गों, सेतुओं, बिजली विभागों के कार्यो और अखाड़ों में निर्माण कार्य की समयबद्धता और गुणवत्ता जांचता रहा।
उनके द्वारा हर विभाग के कार्यों का निरीक्षण किया गया तथा कहीं भी कमी दिखने पर अधिकारियों के खिलाफ दण्डात्मक कार्यवाही करते हुए उन्हें कार्यों के प्रति सचेत भी किया गया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता और अवर अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी गयी तथा संबंधित अधिशाषी अभियंता को चेतावनी दी गयी। इसी तरह सीएनडीएस की 33वीं यूनिट के परियोजना प्रबन्धक को निलम्बित करने की कार्रवाई की गयी।
दूसरे दिन के निरीक्षण में मण्डलायुक्त ने हैलीपोर्ट का पुनः निरीक्षण किया तथा सभी अखाड़ों में घूमकर चल रहें निर्माण कार्यो की पड़ताल की। अखाड़ों में ज्यादातर निर्माण कार्यों में संतोषजनक प्रगति पायी गयी तथा कार्य समय से पूरे होते हुए दिखायी दिये। जहां कहीं 31 अक्टूबर की निर्धारित अवधि से थोड़ा सा भी काम शेष दिखायी दिया वहां मण्डलायुक्त ने कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कड़ी दण्डात्मक कार्यवाही की।
साप्ताहिक बैठक में दी चेतावनी
व्यापक निरीक्षण एवं दौरे के बाद मण्डलायुक्त ने कुम्भ मेले की साप्ताहिक बैठक की तथा बैठक में सभी अधिकारियों को यह चेतावनी दी कि जो भी काम पूरे किये जाएं, उन्हें एक प्रतिशत भी बाकी न छोड़ा जाए। उनकी नजर में काम के पूरा होने का मतलब उस काम की फिनिशिंग लाइन तक का अन्तिम रूप तक पूरा हो जाने से है। जो काम पूरा किये जाएं वे उस काम की रंगाई पुताई, मलबे की सफाई और उसके सुन्दरीकरण की सीमा तक पूरे किये जाने चाहिए।
बैठक में थर्ड पार्टी निरीक्षण एजेंसी के नये टीम लीडर श्री रविन्द्र बघेल को सभी अधिकारियों से परिचित कराते हुए मेलाधिकारी ने पुनः यह निर्देश दिये कि जांच एजेंसी से किसी भी विभाग के ठेकेदार अथवा कनिष्ठ अधिकारी द्वारा अनावश्यक सम्पर्क करना या उसकी जांच में बाधा पहुंचना अक्षम्य एवं दण्डनीय होगा तथा उनके कार्यालय तथा प्रयोगशाला में मेला प्रशासन की जानकारी एवं अनुमति के बिना अनावश्यक प्रवेश अनुमन्य नहीं होगा। उन्होंने बैठक में थर्ड पार्टी एजेंसी टीयूवी के पर्यवेक्षक अधिकारियों तथा अभियन्ताओं को निरीक्षण कार्यो में तेजी और निष्पक्षता के निर्देश देते हुए पीएमआईएस साफ्टवेयर पर अपनी रिपोर्ट निर्बाध रूप से अपलोड रखने के लिए कहा।