भारतीय जनता पार्टी से फूलपुर संसदीय सीट से प्रत्याशी केशरी देवी पटेल और इलाहाबाद संसदीय सीट की प्रत्याशी डा. रीता बहुगुणा जोशी की नामांकन जुलूस से पूर्व की जाने वाली सभा का स्थान तय कर लिया है। शनिवार को हुई बैठक में तय हुआ कि दोनों प्रत्याशियों की संयुक्त सभा विज्ञान परिषद के सामने चंद्रशेखर आजाद पार्क की ओर होगी। इस दौरान सभा को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी संबोधित करेंगे।
पिछले सप्ताह ही भाजपाइयों ने तय किया था कि दोनों ही प्रत्याशी एक ही दिन 22 अप्रैल को नामांकन करें। नामांकन के पूर्व दोनों प्रत्याशियों की संयुक्त सभा का स्थान तय किया जाना था। इसके पूर्व हुए चुनाव में कचहरी के सामने टैक्सी स्टैंड वाली साइड में ही नामांकन के पूर्व सभा की जाती रही है, लेकिन इस बार जिला प्रशासन ने वहां सभा कराने से इंकार कर दिया है।
इसे लेकर पार्टी नेताओं ने बैठक की। बैठक में सहमति बनी कि नामांकन जुलूस के पूर्व की जाने वाली सभा विज्ञान परिषद के सामने करवाई जाए। इस दौरान इलाहाबाद और फूलपुर सीट की दोनों प्रत्याशी एवं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य एवं अन्य कैबिनेट मंत्री एक खुले वाहन में सवार होंगे।