सचिवालय में आरओ के सर्वाधिक 185 पद
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से निरस्त की गई आरओ/एआरओ-2016 की परीक्षा इस साल तीन मई को प्रस्तावित है। इसके तहत कुल 361 पदों पर चयन होना है, जिनमें आरओ/एआरओ के 303 पद हैं। आयोग ने जनसूचना अधिकारी के तहत आरओ/एआरओ के पदों का विवरण जारी किया है। आरओ के सर्वाधिक 185 पद उत्तर प्रदेश सचिवालय में हैं।
कुल 361 पदों में सामान्य चयन के 356 और विशेष (बैकलॉग) चयन के पांच पद हैं। इनमें आरओ/एआरओ के 303 पद हैं और बाकी पद राजकीय बचत में स्टेटिकल असिस्टेंट, महिला एवं बाल कल्याण में इंवेस्टिगेटर कम कंप्यूटर, बाट माप विभाग में इंवेस्टिगेटर कम कंट्रोलर, असिस्टेंट मलेरिया अफसर, जूनियर ऑडिटर जैसे विशेष योग्यता वाले हैं। आरओ के 2018 पद हैं, जिनमें 118 पद अनारक्षित, 54 पद अन्य पिछड़ा वर्ग, 43 पद अनुसूचित जाति एवं तीन पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।
वहीं, एआरओ के 85 पदों में 47 पद अनारक्षित, 25 पद अन्य पिछड़ा वर्ग एवं 13 पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। एआरओ के सर्वाधिक 41 पद उत्तर प्रदेश सचिवालय, 24 पद उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद, 12 पद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और आठ पद उत्तर प्रदेश मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में हैं। इसी तरह आरओ के सर्वाधिक 185 पद सचिवालय, आरओ (लेखा) के 14 पद सचिवालय, आरओ के सात पद उत्तर प्रदेश मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय और 12 पद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में हैं।