फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पारे ने बदली चाल, नमी ने किया बेहाल

Wed, 27 May 2015 11:48 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
कई दिनों के बाद मंगलवार को 45 डिग्री से नीचे आए पारे ने बुधवार को फिर अपनी चाल तेज कर दी। अधिकतम तापमान जहां 45.8 डिग्री पर जा पहुंचा वहीं आर्द्रता अब तक के अपने न्यूनतम स्तर 10 फीसदी पर जा पहुंची। रात का पारा 30 डिग्री पर बरकरार रहा। मौसम की इस रंगबाजी को जो लोग नहीं समझ पाए सरेराह चकराए। रास्ते को छोड़िए मौसम ने शरीर को कुछ इस तरह निचोड़ा कि घर के अंदर मौजूद लोग भी चक्कर खा गिर पड़े। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के कम अंतर ने गर्मी को और खतरनाक बना दिया है। हालांकि उत्तर पूर्व से आ रही नम पुरवइया रात में तेजी से चढ़ते पारे पर थोड़ा अंकुश लगा रही। आर्र्दता को भी बढ़ा रही है लेकिन दिन में तमतमा रहे सूरज ने सारे तानेबाने को तार-तार कर दिया है। नम पुरवइया टिक नहीं पा रही है।
विज्ञापन


बुधवार को अधिकतम आर्र्दता 64 फीसदी से बढ़कर 71 फीसदी पर जा पहुंची, लेकिन दिन में तमतमाए सूरज ने आर्द्रता को घटा दिया। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को न्यूनतम आर्द्रता 21 फीसदी से घटकर रिकार्ड दस फीसदी के स्तर पर जा पहुंची। आर्द्रता के न्यूनतम दस फीसदी के स्तर पर पहुंच जाने से शहरी दिन भर गर्मी व भारी उमस से बेहाल रहे। इतनी कम आर्र्दता का ही असर रहा कि सड़कों पर बगैर सुरक्षा इंतजामों के जो निकला, बेसुध होकर सरेराह गिर पड़ा। चौक, सिविल लाइंस, कटरा, तेलियरगंज, अशोकनगर जैसे इलाकों में कई लोग बेसुध होकर गिर पड़े। चौक में बेटी के साथ खरीदारी करने पहुंची महिला बेसुध होकर गिर पड़ी जिसे बमुश्किल होश में लाया गया। इतनी कम आर्र्दता का असर रहा कि लोगों को घरों में एसी, कूलर के सामने बैठकर भी राहत नहीं मिली। लू का एहसास शाम सात बजे तक होता रहा।

आसमान से आग बरसा रहे सूरज ने जहां लोगों का जीना मुहाल कर दिया है वहीं सन बर्न, मिलेरिया (अंधौरी) जैसे चर्मरोगों ने पांव पसार लिया है। चर्मरोग विशेषज्ञों के पास इन बीमारियों से पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। चर्मरोग विशेषज्ञ डॉ. शक्ति बसु के मुताबिक उनके पास सन बर्न व मिलेरिया की शिकायत लेकर तमाम मरीज पहुंच रहे हैं। ऐसे मरीजों को दवा देने के साथ ही चटक धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है। बकौल डॉ. बसु 45 डिग्री तापमान में घूमना चर्मरोगों के लिहाज से बेहद खतरनाक है। सूरज की अल्ट्रावायलेट किरणें चमड़ी को नुकसान पहुंचा सकती हैें।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें