मौनी अमावस्या पर शुक्रवार को संगम पर पुण्य की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं की आस्था, भक्ति और विश्वास की त्रिवेणी में भक्ति का सागर उमड़ पड़ा। चाहे स्नान घाट हों या संगम के रास्ते। हर तरफ जन ज्वार हिलोरें मारता रहा।
मेला प्रशासन ने सुबह आठ बजे तक 40 लाख श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का दावा किया है। मौन डुबकी लगाने संगम पर श्रद्धालुओं का तांता संगम जाने वाले हर मार्ग पर लगा है।
मौनी अमावस्या पर संगम में स्नान आधी रात दो बजे से ही शुरू हो गया है। पुण्य की डुबकी लगाने के लिए लाखों श्रद्धालुओं से स्नान घाट पैक हो गए हैं।
मौनी अमावस्या पर अक्षयवट-सरस्वती कूप में दर्शन स्थगित
मौनी अमावस्या स्नान पर्व को देखते हुए गुरुवार की शाम मूल अक्षयवट और सरस्वती कूप में श्रद्धालुओं का प्रवेश स्थगित कर दिया गया। भीड़ को देखते हुए आज इन दोनों तीर्थों में भक्त प्रवेश नहीं कर सकेंगे।