हुनरमंदों के लिए ‘मौका मार्केट’
0 केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने किया देश के 12वें हुनरहाट का उद्घाटन
0 उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र में मेले का आयोजन, लगे कई प्रदेशों के स्टॉल
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का कहना है कि हुनरहाट हुनरमंदों के लिए ‘मौका मार्केट’ की तरह है। यह देश का 12वां हुनरहाट है। यहां के बाद दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, इंदौर सहित देश के सभी प्रमुख शहरों में हुनरहाट लगाया जाएगा। सांस्कृतिक केंद्र में शनिवार को आयोजित हुनर हाट मेले का केंद्रीय मंत्री ने उद्घाटन किया।
केंद्रीय मंत्री ने हाट में सजे तरह-तरह केशिल्प और खान-पान के स्टॉल देखे। लोककारों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद केशरीदेवी पटेल, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव प्रमोद कुमार दास सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बता दें कि दस्तकारों, शिल्पकारों के स्वदेशी हुनर को बाजार की जरूरतों के हिसाब से तराशने एवं प्रोत्साहित करने के लिए अल्पसंख्यक मंत्रालय सभी राज्यों में हुनरहाट स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप सरकार के पहले सौ दिनों में ही अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने देश के अलग-अलग हिस्सों में सौ हुनर हब स्वीकृत किए थे। इसमें दस्तकारों शिल्पकारों. पारंपरिक खानसामों को मौजूदा जरूरतों के हिसाब से ट्रेनिंग देते हुए उनके हुनर को निखारा जाएगा।
तरह-तरह के शिल्प और स्वाद का संगम
हुनर हाट में पौने दो सौ से ज्यादा दुकानें हैं, जिन पर दस्तकार, शिल्पकार दुर्लभ स्वदेशी हस्तनिर्मित उत्पादों के साथ रूबरू हैं। इसमें आंध्र प्रदेश की कलमकारी और मंगलगिरी, असम के जूट से बने उत्पाद, बिहार की मधुबनी चित्रकारी, गुजरात का अजरख, बंधेज मड वर्क, तांबे की कलाकृतियां, हिमाचल प्रदेश से लकड़ी के बने उत्पाद, मध्य प्रदेश से ब्लॉक प्रिंट, उप्पा छपाई, पुडुचेरी के मोतियों से बने आभूषण, राजस्थान से मार्बल कलाकृतियों और हैंडीक्राफ्ट शामिल हैं। इसी क्रम में हाट में तमिलनाडु की एम्ब्रोइडरी एवं चंदन की कलाकृतियां, उत्तर प्रदेश के वाराणसी का सिल्क, लखनवी चिकनकारी, कांच के सामान, लेदर, संगमरमर के उत्पाद, पश्चिम बंगाल से एम्ब्रोइडरी के उत्पाद, कश्मीर-लद्दाख की दुर्लभ आयुर्वेदिक जड़ीबूटियां आदि भी मेले का आकर्षण हैं। इसके अतिरिक्त हुनर हाट में तरह-तरह की खुशबुओं का भी संगम है।
न जीत का जुनूनी जश्न, न ही हार का हाहाकारी हंगामा
0 रामजन्मभूमि मामले में होने वाले अदालत के फैसले के सवाल पर दी नसीहत
प्रयागराज। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि रामजन्म भूमि मामले में सर्वोच्च न्यायालय का जो भी फैसला आता है, उसे सभी को स्वीकार करना चाहिए। हुनर हाट मेले के उद्घाटन अवसर पर नकवी ने राम जन्मभूमि के सवाल पर कहा कि अदालत के फैसले के बाद न जीत का जुनूनी जश्न होना चाहिए और न ही हार का हाहाकारी हंगामा।
फोटो सहित
नकवी ने किया हुनर हाट पर विशेष आवरण का विमोचन
प्रयागराज। डाक विभाग के सहयोग से दारागंज ग्रामोद्योग विकास संस्थान की ओर से ‘हुनर हाट इलाहाबाद-2019’ पर तैयार विशेष आवरण का शुक्रवार को लोकार्पण किया गया। संस्कृतिक केंद्र के हाट में हुए समारोह में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और नंद गोपाल गुप्ता नंदी मौजूद थे। फिलेटलिक ब्यूरो इंचार्ज राजेश वर्मा की देखरेख में हुनर हाट पर जारी विशेष कवर की परिकल्पना संगम फिलेटैलिक क्लब के अध्यक्ष एमपी सिंह जबकि इसकी डिजायन एम गुलरेज ने की।
ठोकर लगी और गिर पड़े नंदी
प्रयागराज। सांस्कृतिक केंद्र के हुनर हाट मेले में स्टाल को देखने के दौरान स्टॉल नंबर चालीस तक पहुंचने के बाद जब सभी लोग सीढ़ी से नीचे उतर कर आगे बढ़ने लगे तो सीढ़ी से उतरते समय कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी को फूड स्टॉल के कोने से ठोकर लग गई और वह नीचे गिर पड़े। उन्हें हल्की चोट आई और उनकी शर्ट की बांह भी फट गई। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने उन्हें सहारा देकर उठाया।