महाकुंभ मेला क्षेत्र के सेक्टर-19 में रविवार को दोपहर बाद करीब चार बजे करपात्र धाम वाराणसी और गीता प्रेस गोरखपुर के शिविर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बांस-फूस के बने लगभग 300 कॉटेज जलकर राख हो गए। यही नहीं पांच बाइकें और पांच लाख रुपये कैश भी आग की भेंट चढ़ गए। दुर्घटना के दौरान कॉटेज में रखे 10 से ज्यादा एलपीजी सिलेंडरों में धमाके हुए।
गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि आग की चपेट में आने से हरियाणा व सिलीगुड़ी के दो लोग झुलस गए हैं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू कर लिया। हादसे में 2.5 करोड़ से ज्यादा के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मुख्यमंंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन मंत्रियों संग माैका मुआयना किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सीएम योगी से बात की है और घटना को लेकर जानकारी ली।
शिविर में मौजूद लोगों ने देखा तो शोर मचाया और पानी लेकर दौड़े, लेकिन चंद मिनटों में ही आग की लपटों ने कई काॅटेज को चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटों और धुएं के काले गुबार ने बड़े हिस्से को धुआं-धुआं कर दिया। आग बढ़ते-बढ़ते करीब 100 वर्ग मीटर से ज्यादा क्षेत्र में फैल गई। हवा की गति सामान्य से तीन गुना तेज होने के चलते अन्य टेंट भी आग की चपेट में एक के बाद एक आते गए। आग की ऊंची लपटों के आगे भीड़ बेबस नजर आने लगी। इसके बाद 15 से अधिक फायरब्रिगेड की टीमों ने मशक्कत के बाद आग को काबू किया।