कस्बा में बुधवार रात आठ बजे चार नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक की पिटाई कर उसपर फायरिंग की। सूचना पर फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुटी है।
सनी सोनी (22) पुत्र अंकित सोनी निवासी जमीलाबाद कस्बा फूलपुर बुधवार शाम करीब आठ बजे घर के बगल राधेश्याम मौर्य के चक्की पर अलाव ताप रहा था। इसी बीच बाइक से पहुंचे चार नकाबपोश बदमाशों ने गालियां देते हुए उसे मारापीटा। पीड़ित सनी ने बताया कि उसने हमलावर आजम राइन पुत्र हफीज राइन निवासी जमीलाबाद को पहचान लिया है।
आरोप है कि शोर मचाते हुए सनी भागा तो युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। किसी तरह बचकर वह घर में घुस गया। नकाबपोश युवकों ने चार राउंड फायरिंग की। मौके से पुलिस ने बम भी बरामद किया है। भुक्तभोगी ने कोतवाली में आजम राइन के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि आरोपी आजम राइन 2023 नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के मामले में जेल गया था और छह महीने पहले जमानत पर छूटा है।
बोले अफसर
आरोपी आजम राइन छह महीने पहले जमानत पर छूटकर आया था। उस पर युवक के साथ मारपीट करने और फायरिंग करने की शिकायत मिली है। लेकिन, किसी को गोली नहीं लगी है। आरोपी की तलाश की जा रही है। - विवेक यादव, एसीपी फूलपुर।