चरवा कोतवाली के अरई सुमेरपुर गांव में बुधवार दोपहर हलवाई ने कमरे में फंदे से झूलकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अरई सुमेरपुर निवासी अजय गुप्ता (37) पुत्र स्व. मुन्ना लाल गुप्ता हलवाई थे। उनके भाई विजय गुप्ता ने बताया कि अजय की पत्नी अयंती देवी तीन बच्चों के साथ प्रयागराज के मुंडेरा में पति से अलग रहती है। मंगलवार को वह सकट मनाने गांव आई थी। त्योहार मनाने के बाद बुधवार को वह पति से कुछ कहे बिना प्रयागराज चली गई।
आरोप है कि इससे आहत अजय ने दोपहर में अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने फंदे से लटकता शव देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी पाकर पत्नी और बच्चों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर महेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल परिजनों से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।