दो दिन पहले घर में हुई चोरी के बाद से सदमे में आई विवाहिता ने सोमवार सुबह अपने कमरे में फंदे पर झूल गई। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने विवाहिता की मौत के बाद चोरी का मुकदमा पंजीकृत किया।
सराय ममरेज थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के रहने वाले केश लाल ने अपनी बेटी आरती (23) की शादी वर्ष 2023 में सराय ममरेज थाना क्षेत्र के बघेड़ी गांव के रहने वाले विजय कुमार के साथ की थी। आरती के पति विजय कुमार दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। आरती घर पर सास ससुर के साथ रहती थी। परिजनों के मुताबिक 20 सितंबर की रात चोरो ने कमरे में घुसकर सात लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवरात उठा ले गए।
भुक्तभोगी ने थाने में तहरीर देते हुए बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की। मृतका के जेठ त्रिभुवन यादव ने बताया कि चोरी की घटना के बाद से ही आरती सदमे में आ गई थी। रो-रोकर वह बेहोश हो जाती थीं। परिजनों ने काफी समझाया, लेकिन वह सदमे से उबर नहीं पाई। चोरी की घटना से सदमे में आई आरती ने सोमवार सुबह अपने कमरे में अंदर से दरवाजा बंदकर फंदे पर झूल गई।
विवाहिता की मौत के बाद पुलिस ने दर्ज किया चोरी की रिपोर्ट
20 सितंबर को लाखों की चोरी की घटना की रिपोर्ट पुलिस ने विवाहिता की मौत के बाद दर्ज की। मृतका आरती के जेठ त्रिभुवन यादव का आरोप है कि 20 सितंबर की घटना की रिपोर्ट पुलिस ने सोमवार सुबह 8: 41 बजे दर्ज की। इस घटना को लेकर सोमवार को दिन भर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। उधर, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने मृतका आरती के शव को शाम करीब 8 बजे हंडिया के लाक्षागृह घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।