रंग पर्व होली पर बुधवार की देर रात तक बाजार गुलजार रहे। चौक, कटरा, सिविल लाइंस, कोठापार्चा, सुलेमसराय, तेलियरगंज, अल्लापुर आदि बाजारों में खरीदारों की जबरदस्त भीड़ रही। लोगों ने गुझिया बनाने के लिए खोवा, मैदा, सूजी, रिफाइंड, मेवा आदि की खरीदारी की तो वहीं रंग-पिचकारी बेचने वाले व्यस्त रहे। बाजार में रेडीमेट पापड़, चिप्स, कचरी की मांग बनी रही। खोवा मंडी में खोवा विक्रेता व्यस्त रहे।
चौक बाजार की हर सड़क और गली रात तक ठसाठस रही। लोकनाथ, नीम के पेड़ के नीचे समेत अन्य सड़कों की दुकानों पर भीड़ लगी रही। रंग-गुलाल और पिचकारी खरीदने बड़ों संग बच्चे भी थे। कटरा, सिविल लाइंस समेत अन्य बाजारों में भी देर रात तक दुकानें खुली रहीं। रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर भी ग्राहकी तेज रही। चिकन का कुर्ता-पैजामा खरीदने वालों के लिए बेबी टंडन ने विविध किस्म के कपड़े मंगाए हैं। वहीं कादिर भाई की दुकान पर मोदी गोला के साथ चाइना गन खरीदने वालों की भीड़ रही। पानी भरने के लिए गुब्बारे भी खूब खरीदे गए। चौक घंटाघर के अगल बगल पटरी पर सजी फर्नीशिंग की दुकानों पर सोफा कवर, बैक, कुशन कवर, चादरें, टेबल मैट आदि खरीदने वालों की संख्या अधिक रही। ठेलों पर बिक रही बनियान आदि खरीदने वाले बच्चों के कपड़े भी खरीदते रहे।
होजरी के थोक विक्रेता विशन दास खत्री फर्म के पंकज मेहरोत्रा के मुताबिक होली पर बनियान आदि की मांग तेज होती है। बुधवार को कई साइज की बनियान मंगाने को आर्डर दिया गया है। यह माल दिल्ली-कानपुर से सुबह से तक आ जाएगा। वहीं लक्ष्मी स्टोर से अजय कपूर की दुकान पर हर तरह की बनियान और रेडीमेड गारमेंट्स खरीदने वालों की भीड़ जुटी रही। सिविल लाइंस में राजू जाधवानी की सरस्वती मेंस वियर नाम की दुकान पर जींस, शर्ट, टीशर्ट के साथ डिजाइनर कुर्ते की बिक्री हुई। वहीं निमंत्रण के अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि कुर्ते की नई रेंज के साथ ब्रांडेड कपड़े देखने, खरीदने वाले ग्राहक दिन भर आते रहे। सब्जियों में कटहल सबसे पसंदीदा रहा। लोकनाथ में कटहल 50 से 70 रुपये किलो के भाव बेचा गया।