गंगा के किनारे कटान होने के कारण घाटों पर दफनाए गए लाशों के मिलने का सिलसिला जारी है। रविवार को भी कई लाशें मिलीं। इससे घाटों पर हड़कंप मचा रहा है। पार्षद एवं निगरानी समित के सदस्य कमलेश तिवारी ने विधि विधान से शवों का अंतिम संस्कार किया और मुखाग्नि दी। इस मौके पर नगर निगम के जोनल अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। बारिश के बाद से गंगा में जब से कटान शुरू हुआ है तब से अब तक दर्जन भर से अधिक शव मिल चुके हैं
गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ ही तटों पर कटान शुरू होने से रेत में दफन शव बाहर आने लगे हैं। शनिवार को फाफामऊ घाट पर रेती में दफनाए गए चार शव कटान की वजह से दिखे थे। जानकारी मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन ने उन शवों का हिंदू रीति रिवाज के साथ अंतिम संस्कार कराया। इस दौरान चिताएं सजाकर मुखाग्नि दी गई और शवों का विधि सम्मत अंतिम संस्कार कराया गया। इससे पहले शुक्रवार को छह शवों का अंतिम संस्कार कराया गया था। इसे मिलाकर फाफामऊ घाट पर अब तक कुल 10 शवों का अंतिम संस्कार कराया जा चुका है।