इलाहाबाद (ब्यूरो)। भोले बाबा के बहुत सारे भक्त जो काशी विश्वनाथ, बाबा बैजनाथ धाम की लंबी यात्रा करने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने सावन के दूसरे सोमवार पर शहर के मनकामेश्वर, तक्षकेश्वर महादेव, सोमेश्वर महादेव, कोटेश्वर महादेव आदि शिवालयों में जल चढ़ाने कांवड़ लेकर जाएंगे। कांवड़ियों ने तैयारी भी कर रखी है।
तीर्थ पुरोहित अनूप त्रिपाठी ने बताया कि शहर के कई इलाकों के शिव भक्तों ने उनसे संपर्क किया है। उन्हें सलाह दी गई है कि अगर वे काशी विश्वनाथ बाबा, बैजनाथ की यात्रा कर पाने में असमर्थ हैं तो वे शहर के शिवालयों में भी जल चढ़ाकर शिव कृपा प्राप्त कर सकते हैं। तड़के कांवड़ियों का जत्था संगम एवं दशाश्वमेधघाट पहुंचेगा और विधिविधान से गंजा पूजन कर जल एकत्र करेगा।
इसके बाद शिवालयों की ओर रवाना होगा। तीर्थ पुरोहितों का कहना है कि शहर के मंदिरों में कांवड़ लेकर जाने वालों में महिलाएं भी होंगी। गंगापार झूंसी इलाके के 56 वर्षीय श्याम कृष्ण ने कहा कि वह सावन के दूसरे सोमवार को सुबह दशाश्वमेधघाट से चल लेकर पड़िला महादेव मंदिर जलाभिषेक को जाएंगे। दारागंज के 65 वर्षीय बैजू निषाद ने भी पड़िला जाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जल चढ़ाने के साथ ही विधिविधान से पूजन अर्चन होगा।