करारी कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी से रविवार को बंधक बनाकर सदर ब्लॉक प्रमुख व उनके दो साथियों ने दुराचार किया। विरोध करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई भी की। घटना से गुस्साए ग्रामीणों व परिजनों ने कोतवाली का घेराव किया। इसके बाद पीड़िता के बाबा की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। आरोपी फरार बताए जाते हैं।
करारी इलाके के एक व्यक्ति ने बताया कि रविवार सुबह उसकी बेटी रिश्तेदारी में पड़ोसी गांव गई थी। वहां नानी ने उसको डांट दिया। इससे नाराज होकर वह पैदल ही घर के लिए चल पड़ी। पीड़ित के रास्ते में उसकी बेटी को हिसामपुर ग्राम प्रधाप कज्जन ने लिफ्ट दे दी।
आरोप है कि कज्जन लड़की को सदर ब्लॉक प्रमुख हरिमोहन यादव के तियरा स्थित स्कूल ले गए। वहां प्रमुख, प्रधान कज्जन व उनके एक साथी ने किशोरी के साथ दुराचार किया। विरोध करने पर उसको लात-घूंसों से मारापीटा। इसके बाद सुबह छोड़ दिया। पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई तो उनके होश उड़ गए।
पीड़िता के बाबा व अन्य ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली का घेराव कर दिया। दबाव बढ़ता देख पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मामले में एसपी प्रदीप गुप्ता का कहना है कि आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही सभी को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।