prayagraj news : स्नातक एमएलसी चुनाव में जीत के बाद प्रयागराज पहुंचे डॉ. मान सिंह का जोरदार स्वागत किया गया।
- फोटो : prayagraj
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन सीट पर सपा उम्मीदवार की जीत का जश्न शनिवार को भी जारी रहा। पार्टी कार्यालय समेत अलग-अलग स्थानों पर एकत्रित सपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और बधाई दी। जीत के बाद देर रात यहां पहुंचे डॉ.मान सिंह का कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया। उनके घर पर भी उत्सव का माहौल रहा। पत्नी प्रभा यादव ने आरती उतारकर मान सिंह का स्वागत किया।
सपा प्रत्याशी की जीत की घोषणा से पहले ही शुक्रवार रात में जश्न शुरू हो गया था, जो शनिवार को भी जारी रहा। पार्टी कार्यालय पर नेताओं और कार्यकर्ताओं के पहुंचने का क्रम सुबह ही शुरू हो गया और दिन भर जश्न का माहौल रहा। पूर्व सांसद नागेंद्र सिंह पटेल, पंधारी यादव, दान बहादुर मधुर आदि ने मिठाई खिलाकर नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
जश्न का यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। कार्यकर्ताओं ने कचहरी में ही महानगर अध्यक्ष सै.इफ्तेखार हुसैन, महासचिव रविंद्र यादव आदि नेताओं को माला पहनाकर पार्टी की जीत पर बधाई दी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नैनी, झूंसी आदि क्षेत्र में जश्न मनाया और ढोल की थाप पर थिरके। खुशी मनाने वालों में वजीर खान, मो.शारिक, शाहिद प्रधान, सै.मो.अस्करी आदि शामिल रहे। पूर्व विधायक परवेज अहमद के आवास पर भी कार्यकृ्ताओं ने एक दूसरे मिठाई खिलाकर बधाई दी।
उधर, घर पहुंचे डॉ.मान सिंह ने सभी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सपा की नीतियों और चुनाव में उठाए गए मुद्दों को विधान परिषद में वह मजबूती के साथ रखेंगे। वहीं पत्नी प्रभा का कहना था कि करीब ढाई साल बाद परिवार संग वह सुकून से मिल रहे हैं।