एक नामजद समेत तीन पर कर्नलगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज
सोशल मीडिया पर झूठा वीडियो डालकर किया दुष्प्रचार
प्रयागराज। अमूल दूध कंपनी के अफसरों से कर्नलगंज के मम्फोर्डंगज निवासी एक व्यक्ति ने 10 लाख रंगदारी मांगी। उसने सोशल मीडिया पर झूठा वीडियो डालकर कंपनी के दूध के बारे में दुष्प्रचार किया। जानकारी पर अफसर बात करने पहुंचे तो रुपयोें की मांग की। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
निशांत कुमार अमूल कंपनी के मार्केंटिंग प्रबंधक हैं। उनका आरोप है कि पिछले दिनों उन्होंने व उनके सहयोगियों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा जिसमें दुष्प्रचारित किया गया था कि कंपनी के दूध में प्लास्टिक मिला पाया गया। यह भी पता चला कि यह वीडियो मम्फोर्डगंज निवासी आशुतोष शुक्ला की ओर से सोशल मीडिया पर डाला गया। इसके बाद वह अपने एक सहकर्मी के साथ उससे मिलने उसके घर पहुंचे तो उसने आला अफसरों संग आने को कहा। आरोप है कि वह अफसरों के साथ एक बार फिर पहुंचे तो आरोपी व उसके दो साथी मिले। जिन्होंने 10 लाख रुपयों की मांग की। रुपये न देने पर अन्य कई माध्यमों से उपरोक्त झूठे वीडियो को सोशल मीडिया पर डाल दिया। शनिवार को निशंात की ओर से इस मामले की शिकायत कर्नलगंज थाने में की गई। जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। कर्नलगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।