शहर की थोक फल मंडी मुंडेरा में इन दिनों मलिहाबाद के दशहरी आम की भरपूर खेप पहुंचने लगी है। आवक बढ़ने से बाजार में आम की उपलब्धता बेहतर हुई है। आने वाले दिनों में फुटकर बाजार में दशहरी आम के दाम में और गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।
व्यापारियों के अनुसार, दो-तीन दिन से मलिहाबाद से काफी मात्रा में दशहरी आम मंडी पहुंच रहा है। दशहरी के साथ-साथ बनारसी लंगड़ा आम की भी आवक शुरू हो गई है। अगले सप्ताह लंगड़ा आम की आवक और बढ़ेगी। महाराष्ट्र का तोतापरी आम भी बाजार में दिख रहा है। इससे बाजार में विभिन्न किस्मों के आम पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहेंगे।
उधर, दशहरी के साथ-साथ बनारसी लंगड़ा आम की भी मंडी में आवक शुरू हो गई है। महाराष्ट्र का तोतापरी आम भी बाजार में खूब दिख रहा है। कारोबारियों का कहना है कि एक सप्ताह में लंगड़ा आम की आवक और बढ़ेगी।
कारोबारी सतीश चंद्र कुशवाहा, धनंजय सिंह के मुताबिक, मौसम अनुकूल रहने पर इस बार आम की आपूर्ति लगातार बनी रहेगी। आवक बढ़ने से न केवल कीमतों में संतुलन आएगा बल्कि ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता के आम भी आसानी से मिल सकेंगे।
मंडी में बढ़ती चहल-पहल के बीच आम कारोबारियों को भी अच्छे व्यापार की उम्मीद है। मंडी में अब थोक में आम का दाम 40 रुपये के आसपास आ गया है। वहीं, फुटकर बाजार में भी आम 60 से 100 रुपये किलो में बिक रहा है।