मऊआइमा- स्टेशन रोड पर जलभराव बना आफत
सेतु निगम के ओवरब्रिज निर्माण के कारण मुख्य मार्ग बंद है। अब स्टेशन रोड ही कस्बे का एकमात्र प्रमुख रास्ता है। रखरखाव के अभाव में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं।
कस्बे के राम कुमार, राकेश, महेश और मोहम्मद इमरान ने बताया कि बारिश से छोटे गड्ढे बड़े हो गए हैं। सड़क की गिट्टियां उखड़ गई हैं, जिससे बाइक और ई-रिक्शा पलट रहे हैं। गड्ढों के पानी से कपड़े खराब हो जाते हैं। बुजुर्ग और बच्चे सबसे अधिक परेशान हैं।
हवाईदार मोहल्ले के पास तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य मार्ग पर भर गया है। इससे पैदल चलना मुश्किल हो गया है। इसी रास्ते से लोग नगर पंचायत कार्यालय भी जाते हैं। स्टेशन रोड के दुकानदार रमेश, सुरेश, मुन्ना, महताब और महबूब का कहना है कि सड़क की बदहाली से ग्राहकों की आवाजाही 50 फीसदी तक घट गई है। धूल और कीचड़ से दुकानदारी चौपट हो गई है।
मऊआइमा नगर पंचायत, अध्यक्ष शोएब अंसारी ने बताया कि नालों का निर्माण हो चुका है और पानी की निकासी शुरू है। जहां तक जर्जर सड़क की बात है, यह पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत आती है। विभाग को कई बार पत्र लिखकर अवगत कराया जा चुका है।