वर्ष 2026 में महाराष्ट्र में प्रस्तावित कुंभ मेले के आयोजन को लेकर तैयारियों के तहत महाराष्ट्र सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का एक प्रतिनिधिमंडल प्रयागराज पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रयागराज महाकुंभ के दौरान देश-विदेश से आई मीडिया टीमों के लिए किए गए प्रबंधन और सुविधाओं का अध्ययन किया।
महाराष्ट्र सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की डिप्टी सेक्रेटरी समृद्धि अंगोलकर, डिप्टी डायरेक्टर न्यूज वर्षा आंधले, असिस्टेंट डायरेक्टर काशीबाई थोराट तथा अधीक्षक संतोष वाघधरे रविवार की शाम प्रयागराज पहुंचे। सोमवार को प्रतिनिधिमंडल ने जिला सूचना विभाग के अधिकारियों और स्थानीय मीडिया कर्मियों से विस्तार से संवाद कर महाकुंभ के दौरान मीडिया कवरेज की रणनीति, व्यवस्थाएं और समन्वय प्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
टीम ने बताया कि प्रयागराज महाकुंभ में मीडिया प्रबंधन किस प्रकार सुनियोजित और व्यवस्थित रहा, यह जानना उनके अध्ययन का प्रमुख उद्देश्य है। अधिकारियों ने मीडिया पास व्यवस्था, कवरेज ज़ोन, प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान रिपोर्टिंग व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के साथ मीडिया समन्वय जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी ली।
दोपहर में प्रतिनिधिमंडल के सदस्य संगम नोज पहुंचे, जहां उन्होंने प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं के स्नान और मीडिया कवरेज के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मेला प्रशासन और स्थानीय सूचना विभाग द्वारा बनाए गए मीडिया प्वाइंट्स, लाइव कवरेज की व्यवस्था और सुरक्षा समन्वय को नजदीक से देखा।
सूचना विभाग के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि महाकुंभ के दौरान मीडिया समन्वय के लिए विशेष मीडिया सेंटर, नियमित प्रेस ब्रीफिंग, व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से त्वरित सूचना, कार्यक्रमों की समयबद्ध जानकारी और ग्राउंड लेवल समन्वय की प्रभावी व्यवस्था की गई थी, जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया को कवरेज में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। महाराष्ट्र से आई चार सदस्यीय टीम ने स्थानीय जिला सूचना अधिकारी के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर महाकुंभ के मीडिया मैनेजमेंट मॉडल की सराहना की और इसे आगामी कुंभ आयोजन के लिए उपयोगी बताया।